राँची में दामाद का खूनी खेल…सास की हत्या, पत्नी पर जानलेवा हमला; रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार
राँची।राँची जिले के नरकोपी थाना क्षेत्र के मंदरो गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि सलमान अंसारी ने अपनी सास हकीमन खातून और पत्नी अफसाना प्रवीण पर लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सास हकीमन खातून की मौत हो गई, जबकि पत्नी अफसाना प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका इलाज रिम्स में चल रहा है।
रेलवे स्टेशन से भागने की फिराक में था आरोपी
घटना 29 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है। वारदात के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान 1 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सलमान अंसारी नरकोपी रेलवे स्टेशन से कहीं बाहर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर चाकू बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सलमान अंसारी (28 वर्ष), पिता सज्जाद अंसारी, मंदरो गांव का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी दल में बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार, पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार उपाध्याय, नरकोपी थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार टुडु, लापुंग थाना प्रभारी गोविन्द कुमार, बेड़ो थाना प्रभारी कफील अहमद, नरकोपी थाना के सहायक अवर निरीक्षक कंचन कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
नरकोपी थाना कांड संख्या 25/26, दिनांक 30 सितंबर 2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

