घूसखोर अमीन की ‘डिमांड’ सुनकर रह जाएंगे हैरान: 2 लाख नकद के साथ 4 डिसमिल जमीन भी चाहिए थी,घूस लेते राँची ACB ने दबोचा
राँची। झारखण्ड में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में राँची जिला के सिल्ली अंचल कार्यालय में तैनात अमीन विनोद लोहरा को एसीबी की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन की मापी कराने के एवज में अमीन ने पीड़ित से 2 लाख रुपये नकद के साथ 4 डिसमिल जमीन की भी मांग की थी।
रिश्वत में सिर्फ पैसा नहीं, जमीन भी चाहिए थी
एसीबी के अनुसार, एक व्यक्ति अपनी जमीन की मापी कराने के लिए लंबे समय से सिल्ली अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अमीन विनोद लोहरा से हुई। आरोप है कि जमीन की मापी कराने के बदले अमीन ने 2 लाख रुपये नकद और 4 डिसमिल जमीन रिश्वत के तौर पर देने की मांग की।अमीन की इस कथित मांग से परेशान होकर पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय मामले की शिकायत एसीबी से करने का फैसला किया।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
पीड़ित ने राँची स्थित एसीबी कार्यालय पहुंचकर अमीन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया। रिश्वत मांगने की शिकायत की पुष्टि होने के बाद अमीन को पकड़ने के लिए टीम ने जाल बिछाया।
50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते ही गिरफ्तारी
गुरुवार को शिकायतकर्ता अमीन को रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये देने पहुंचा। जैसे ही विनोद लोहरा ने कथित तौर पर रुपये स्वीकार किए, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई के बाद सिल्ली अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम आरोपी अमीन को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए राँची ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
जमीन की मापी के बदले नकद के साथ जमीन की मांग का यह आरोप सामने आने के बाद मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।इससे पहले इसी साल फरवरी में भी एक अमीन घूस लेते पकड़ाया था।ये दूसरा मामला है।

