शादी के नाम पर 35 लाख की ‘डील’…पैसे लिए, तारीख तय हुई और बारात से पहले गायब हुआ परिवार

राँची।राजधानी राँची के बरियातु थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित तौर पर 35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले रिश्ता तय किया गया, फिर शादी के खर्च और अन्य मांगों के नाम पर युवती के परिवार से अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये लिए गए। शादी की तारीख तय हुई, मैरिज हॉल बुक हुआ और तैयारियां लगभग पूरी हो गईं, लेकिन बारात आने से पहले ही दूल्हा पक्ष कथित तौर पर परिवार समेत फरार हो गया।मामले को लेकर भरम टोली, शंकर नगर निवासी उमा सिंह ने बरियातु थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपी विशाल कुमार, उसके पिता प्रमोद कुमार और मां पुष्पा देवी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पहले कहा था- दहेज नहीं लेंगे, फिर शुरू हुई पैसों की मांग

एफआईआर के अनुसार, नवंबर 2023 में उमा सिंह की छोटी बेटी निक्की का रिश्ता विशाल कुमार के साथ तय हुआ था। विशाल के परिवार की ओर से कथित तौर पर कहा गया था कि शादी में किसी तरह का दहेज नहीं लिया जाएगा। इसी भरोसे पर दोनों परिवारों ने रिश्ता पक्का किया।पीड़िता का आरोप है कि रिश्ता तय होने के बाद शादी के खर्च के नाम पर पैसे मांगने का सिलसिला शुरू हो गया।

20 लाख रुपये चेक से लेने का आरोप

एफआईआर के मुताबिक, लड़के पक्ष ने शादी के खर्च के नाम पर 20 लाख रुपये की मांग की। पीड़िता का कहना है कि उसने SBI और PNB के अलग-अलग चेक के माध्यम से यह रकम विशाल के पिता प्रमोद कुमार के खाते में ट्रांसफर की।इसके बाद 11 जून 2024 को लालपुर स्थित लैंडमार्क होटल में सगाई हुई। सगाई और होटल समेत करीब 4 लाख रुपये खर्च होने की बात एफआईआर में कही गई है। इसके अतिरिक्त सगाई के बाद करीब 1 लाख रुपये विशाल के खाते में लेने का भी आरोप है।

शादी के लिए मांगे 50 लाख!

एफआईआर के अनुसार, शादी की तारीख तय करने में लड़के पक्ष की ओर से टालमटोल की जाने लगी। इसी दौरान कथित तौर पर कुल 50 लाख रुपये की मांग की गई, जिसमें पहले दिए गए 20 लाख के अलावा 30 लाख रुपये अतिरिक्त मांगे जाने का आरोप है।पीड़िता का कहना है कि शादी से इनकार करने की धमकी के कारण उसने मजबूरी में 7 लाख रुपये नकद भी दिए।

मैरिज हॉल बुक, तैयारियां पूरी… फिर गायब हो गया परिवार

परिवार ने 14 फरवरी 2025 को शादी की तारीख तय करते हुए बरियातु रोड स्थित ‘मैरेज मैराथन’ हॉल बुक कराया। इसके लिए करीब 2.5 लाख रुपये एडवांस दिए गए।एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि शादी की लगभग पूरी तैयारी हो चुकी थी। मेहमानों के स्वागत से जुड़ी सामग्री भी पहुंच चुकी थी। इसी बीच दिसंबर 2025 में आरोपी परिवार अपना ठिकाना छोड़कर कथित तौर पर फरार हो गया।

आरोप है कि परिवार के सदस्यों ने मोबाइल नंबर बंद कर दिए और पीड़ित परिवार के नंबरों को भी ब्लॉक कर दिया। शादी की तय तारीख पर बारात नहीं पहुंची और निक्की की शादी नहीं हो सकी।

35 लाख की ठगी का आरोप, 11.50 लाख लौटाए

पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी के नाम पर कुल करीब 35 लाख रुपये लिए गए। दबाव बनाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर 25 से 50 हजार रुपये की छोटी-छोटी रकम में कुल 11.50 लाख रुपये वापस किए।हालांकि, परिवार के मुताबिक बाकी रकम लौटाने से आरोपियों ने इनकार कर दिया और कथित तौर पर कहा कि “जो करना है कर लीजिए, अब हम एक भी पैसा नहीं देंगे।”इसके अलावा शादी की तैयारियों और मैरिज हॉल समेत अन्य मदों में करीब 10 लाख रुपये बर्बाद होने का भी दावा पीड़िता ने किया है।

अब पुलिस से कार्रवाई की मांग

पीड़िता उमा सिंह ने बरियातु थाना पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने विशाल कुमार, उसके पिता प्रमोद कुमार और मां पुष्पा देवी के खिलाफ धोखाधड़ी, रंगदारी और आपराधिक षड्यंत्र समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गुहार लगाई है।

 

error: Content is protected !!