अवैध बूचड़खाने में पुलिस रेड से खुला बड़ा राज…34 नामजद सहित करीब 60 पर FIR,84 गौवंशीय पशु बरामद, 450 चमड़े और भारी मात्रा में हड्डियां मिलीं…
राँची।राजधानी राँची के डोरंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौवंशीय पशुओं से जुड़े कथित अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रहमत कॉलोनी स्थित फ्रेंड्स कंपाउंड में छापेमारी के दौरान 84 गौवंशीय पशु,करीब 450 पीस पशु चमड़ा और भारी मात्रा में हड्डियां बरामद की गई हैं। मामले में पुलिस ने 34 लोगों को नामजद करते हुए करीब 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।
डोरंडा थाना में दर्ज कांड संख्या 229/26 के अनुसार, 23 सितंबर को पुलिस गश्ती के दौरान बड़ा घाघरा के पास सूचना मिली कि रहमत कॉलोनी स्थित फ्रेंड्स कंपाउंड के एक परिसर में बड़ी संख्या में गौवंशीय पशुओं को दूसरे स्थानों से लाकर रखा गया है। सूचना में पशुओं को कथित तौर पर वध के लिए रखे जाने की बात भी सामने आई थी।सूचना के बाद पुलिस ने मौके की निगरानी शुरू की। इसके बाद डीएसपी हटिया नीरज कुमार समेत डोरंडा, धुर्वा, जगन्नाथपुर और अरगोड़ा थाना की पुलिस टीम तथा रेफ जवानों के साथ परिसर में छापेमारी की गई।
कमरे में ठूंसकर रखे मिले पशु
FIR के मुताबिक, पुलिस टीम को परिसर में बड़ी संख्या में गौवंशीय पशु मिले। तलाशी के दौरान एक कमरे में पशुओं का चमड़ा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, इसी कमरे में 7-8 गौवंशीय पशुओं को ठूंसकर रखा गया था।कार्रवाई के दौरान कुल 84 गौवंशीय पशु बरामद किए गए। इनमें 39 गाय, 16 बाछी, 15 बाछा और 14 बैल शामिल हैं।
450 चमड़े और भारी मात्रा में हड्डियां बरामद,भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस की तस्करी होने की जानकारी
पुलिस को मौके से करीब 450 पीस गौवंशीय पशुओं का चमड़ा और काफी मात्रा में हड्डियां भी मिलीं। बरामद सामग्री की जब्ती सूची तैयार की गई। FIR में उल्लेख है कि छापेमारी के दौरान पशु चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण चमड़े और हड्डियों का तत्काल सैंपल नहीं लिया जा सका। इन्हें पुलिस निगरानी में सुरक्षित रखा गया और फिर पशु चिकित्सक की मौजूदगी में आगे सैंपलिंग की कार्रवाई की गई।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की छापेमारी में पुलिस को बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित मांस का कारोबार होने जानकारी मिली है।सूत्रों के मुताबिक इस अवैध बूचड़खाने से अवैध तरीके से प्रति दिन भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बाहर भेजने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।कई सालों इलाके में अवैध बूचड़खाने चल रहा था।पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है।
34 नामजद, 20-25 अज्ञात के खिलाफ मामला
एफआईआर में मुख्य मिन्हाज कुरैशी, अकबर कुरैशी, अफसर कुरैशी, असगर कुरैशी, सोनू कुरैशी, अरमान अली, असलम कुरैशी, बुलंद कुरैशी, सैफुल्लाह कुरैशी, सुहैल कुरैशी, मंजूर कुरैशी, एकराम कुरैशी, इबरार कुरैशी, मासूम कुरैशी, अलाउद्दीन कुरैशी, फिरोज कुरैशी, अफजल कुरैशी समेत 34 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा करीब 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज है।

बरामद गोवंश को ग्रामीणों के जिम्मेनामा पर देते हुए
पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं, Prevention of Cruelty to Animals Act, 1960 और Jharkhand Bovine Animal Prohibition of Slaughter Act, 2005 के तहत मामला दर्ज किया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद किए गए पशुओं को कहां-कहां से लाया गया था, इनके पीछे कौन लोग सक्रिय थे और बरामद चमड़े व हड्डियों का स्रोत क्या है। पूरे मामले को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
इधर पुलिस ने अवैध बूचड़खाने से बरामद किए गए 84 गोवंश को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद ग्रामीणों को जिम्मेनामा पर सौंप दिया गया।बताया गया कि बरामद गोवंश को सुरक्षित रखने के लिए ग्रामीणों को जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गोवंश को जिम्मेनामा पर दिया।कार्रवाई के बाद अब गोवंश की देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित ग्रामीणों की होगी।

