धनबाद सीओ को एक करोड़ की रंगदारी का मैसेज, रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी

 

धनबाद। धनबाद सदर अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार को व्हाट्सऐप पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी भरा संदेश मिलने के बाद CO ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
CO की शिकायत के मुताबिक, 14 सितंबर की शाम करीब 7:11 बजे उनके मोबाइल पर एक नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज आया। संदेश में एक करोड़ रुपये देने की मांग की गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।मामला यहीं नहीं रुका। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर SBI की राजगंज शाखा के एक बैंक खाते में रकम जमा करने की जानकारी भी भेजी। CO ने धमकी से जुड़े व्हाट्सऐप संदेश की कॉपी पुलिस को साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराई है।शिकायत में CO ने धमकी देने वाले संदिग्ध व्यक्ति की पहचान राजू के रूप में किए जाने की बात भी कही है। अब पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी के जरिए धमकी भेजने वाले तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एक करोड़ रुपये की मांग के पीछे कौन है और धमकी देने वाले का किसी गिरोह या अन्य व्यक्ति से संबंध है या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!