JPSC-JSSC की कथित गड़बड़ियों पर ABVP का हल्लाबोल, सीएम आवास कूच के दौरान पुलिस से भिड़े छात्र

 

राँची। झारखण्ड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के मुद्दे ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। JPSC और JSSC की परीक्षाओं में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने शनिवार को राजधानी राँची में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय परिसर से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए निकले। जैसे-जैसे मार्च आगे बढ़ा, पुलिस-प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद करने का प्रयास किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर से लगाए गए दो बैरिकेडिंग को पार कर दिया और आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री आवास के नजदीक स्थित ऐतिहासिक सिद्धू-कान्हू पार्क तक पहुंच गए। अचानक बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के मुख्यमंत्री आवास के करीब पहुंचने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।

इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दंगा-रोधी दस्तों को भी तैनात किया गया।

ABVP कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार और संबंधित आयोग की जिम्मेदारी है। छात्रों ने कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने का संकेत दिया है।

प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के बाद स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया।

error: Content is protected !!