हजारीबाग में प्रिंस खान गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन,पुलिस-अपराधियों में मुठभेड़..गिरोह के एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर,कई फरार

हजारीबाग। झारखण्ड में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद के कुख्यात प्रिंस खान गैंग के गुर्गों से मुठभेड़ की। बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के समीप हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से गैंग का एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल अपराधी को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लेकर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
गुप्त सूचना के बाद बिछाया गया जाल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधी इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और संभावित ठिकानों पर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़
निर्देश के बाद बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ जंगल और ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध अपराधियों का पुलिस से आमना-सामना हो गया। पुलिस का दावा है कि अपराधियों ने खुद को घिरता देख पहले फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें एक अपराधी घायल होकर पुलिस के कब्जे में आ गया, जबकि अन्य आरोपी जंगल के रास्ते भाग निकले।
एनटीपीसी फायरिंग कांड से भी जुड़ रही कड़ियां
पुलिस इस मुठभेड़ को हाल ही में एनटीपीसी की हाईवा गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना से भी जोड़कर देख रही है। बताया जा रहा है कि उस घटना के बाद से ही पुलिस लगातार गैंग की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। ताजा कार्रवाई को उसी अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अब घायल अपराधी से पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
पूरे इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि अपराधी जिले की सीमा से बाहर न निकल सकें।
एसपी बोले— अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि हजारीबाग में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है और जो भी कानून को चुनौती देगा, उसके खिलाफ कानूनी दायरे में रहकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

