धनबाद में कोयला कारोबारियों पर ईडी का बड़ा एक्शन, कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी…

धनबाद। झारखण्ड के धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े कारोबारियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। धनबाद के विभिन्न इलाकों में एक साथ कई ठिकानों पर ईडी की टीम ने दबिश दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुड़े नेटवर्क को लेकर की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान, आलोक समेत कई कारोबारियों के आवास और अन्य परिसरों की तलाशी ले रही है। अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह के आवास पर भी पहुंची। हालांकि, बताया जा रहा है कि रंजीत सिंह ने ईडी की टीम के पहुंचते ही घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। फिलहाल ईडी के अधिकारी उनके घर के बाहर मौजूद हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि इससे पहले जब ईडी की टीम एलबी सिंह के आवास पर पहुंची थी, तब उन्होंने भी कथित तौर पर घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। अब रंजीत सिंह के मामले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है, जिससे घटनाक्रम और अधिक चर्चा में आ गया है।
ईडी की टीमें सभी संबंधित ठिकानों पर दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन और कोयला कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी या बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इस पूरी कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। छापेमारी जारी है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
अपडेट जारी…

