झारखण्ड:पुलिस निरीक्षकों से DSP पद पर प्रोन्नति की प्रक्रिया तेज,विभाग ने मांगी 25 पदों के लिए रिपोर्ट

राँची।झारखण्ड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के तहत पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) और समकक्ष कोटि के अधिकारियों को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर प्रोन्नति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में विभाग के अवर सचिव अजीत कुमार सिंह ने महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

​पूर्व में विभाग द्वारा 19 पदों पर प्रोन्नति के लिए प्रस्ताव मांगा गया था, लेकिन वर्तमान में यह रिक्ति बढ़कर 25 हो गई है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा स्वीकृत कोटिवार आरक्षण के अनुसार, कुल 25 रिक्तियों में से 14 पद अनारक्षित, 08 पद अनुसूचित जनजाति  और 03 पद अनुसूचित जाति के लिए निर्धारित किए गए हैं।

​गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से झारखण्ड राज्य पुलिस सेवा नियमावली के तहत विचारण परिधि में आने वाले पुलिस निरीक्षकों, परिचारी प्रवरों और प्रारक्ष निरीक्षकों के मनोनयन प्रस्ताव जल्द से जल्द भेजने का अनुरोध किया है।

​इसके साथ ही, योग्य अधिकारियों के सेवा अभिलेख, अद्यतन संयुक्त वरीयता सूची, पिछले 5 वर्षों की वार्षिक गोपनीय चारित्री , विभागीय कार्रवाई/सजा की स्थिति, निगरानी स्वच्छता प्रमाण पत्र, ऑनलाइन संपत्ति का विवरण और मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र समेत सभी वांछित दस्तावेज डिजिटल और मैनुअल दोनों फॉर्मेट में जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इस कदम से लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे पुलिस अधिकारियों को जल्द नया पदभार मिलने की उम्मीद जगी है। 

error: Content is protected !!