खेत पटवन को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या, परिजनों ने किया रोड जाम, जांच में जुटी पुलिस
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा कला के इलाके में खेत पटवन विवाद में एक बुजुर्ग की पीट पीटकर हत्या कर दी गई है। बुजुर्ग के साथ मारपीट का आरोप उनके ही रिश्तेदारों पर लगा है।बुजुर्ग की मौत के बाद नाराज परिजनों ने हुसैनाबाद छतरपुर रोड को जाम कर दिया। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के समझाने बुझाने के बाद सड़क जाम खोल दिया गया है।
बताया जाता है कि पतरा कला के रहने वाले जय नारायण यादव रविवार को बाइक से जा रहे थे,इसी क्रम में तीन लोगों ने उन्हें रोका था और लाठी डंडे से उनकी पिटाई की थी।गंभीर हालत में उन्हें हुसैनाबाद के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया, यहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल रेफर कर दिया।लेकिन बाद में मेडिकल कॉलेज ने भी बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया था।रिम्स में इलाज के क्रम में जगनारायण यादव की मौत हो गई।जगनारायण यादव की मौत के बाद सोमवार दोपहर परिजनों ने रोड जाम कर दिया था।
थाना प्रभारी ने कहा कि परिजन एवं ग्रामीणों को समझाकर रोड जाम खत्म करवा दिया गया है। जगनारायण यादव का गोतिया के साथ खेत पटवन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में यह घटना हुई है।पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है एवं आगे की कार्रवाई कर रही है।परिजन एवं ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक हुसैनाबाद छतरपुर रोड को जाम रखा था।

