जमशेदपुर: गैस सिलिंडरों में विस्फोट से दहला बाजार, पूरा होटल जलकर खाक
जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के कलिकापुर बाजार के समीप स्थित एक होटल में रविवार को लगातार दो गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा होटल जलकर खाक हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी के कारण आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों द्वारा फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल में उस समय खाने के आइटम तैयार किए जा रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर के पास अचानक आग लग गई।आग की लपटें तेजी से बढ़ने लगीं, जिसके बाद होटल के स्टाफ और वहां मौजूद ग्राहक तुरंत बाहर निकल गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
कुछ ही देर में आग ने पास में रखे दूसरे सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लगातार दो सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया और पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। हालांकि दुकान में रखे दो अन्य सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
होटल के आसपास कई घर होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका थी, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल घटना में हुए जान-माल के नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है।

