दिनदहाड़े बैटरी दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग,बाल-बाल बचा युवक,इलाके में मचा हड़कम्प,जांच में जुटी है पुलिस,
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान पर दोपहर करीब 1:45 बजे दो बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना के समय दुकान पर रवि नामक युवक मौजूद था, जिसे निशाना बनाकर अपराधियों ने करीब चार राउंड फायरिंग की। हालांकि गनीमत रही कि रवि इस हमले में बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से चार खोखे बरामद हुए, जिनमें से एक खोखा दुकान के अंदर से मिला है। दुकानदार संजय कुमार के अनुसार यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि नामक युवक ने बीती रात फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
बताया जाता है कि विवाद की शुरुआत 19 दिसंबर को इनवर्टर बनाने को लेकर हुए झगड़े से हुई थी। इसी विवाद के क्रम में 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि और अमन ने संजय कुमार के पुत्र पर हमला भी किया था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी।
चौंकाने वाली बात यह रही कि जब दुकानदार संजय कुमार पुलिस से कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे थे, उसी दौरान पीछे से अपराधियों ने उनकी दुकान पर फायरिंग कर दी। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है और पूर्व में दर्ज मारपीट के मामले की भी जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
इधर दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

