Ranchi:बिहार के दानिश रीजवान पर यौन शोषण, धमकी और केस में समझौते का दबाव बनाने का आरोप, अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज
राँची।राँची में एक महिला ने बिहार के चर्चित नेता दानिश रीजवान पर यौन शोषण, धमकी और केस में समझौता कराने के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के आवेदन पर अरगोड़ा थाना में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 9 मार्च को वह एक मामले में गवाही के लिए राँची सिविल न्यायालय गई थी। इस दौरान वहां एक व्यक्ति आया और जबरन एक कागज पर हस्ताक्षर कराने की कोशिश करने लगा। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में दानिश रीजवान (निवासी आरा, भोजपुर, बिहार) से बात की तो उसने आपत्तिजनक बातें की और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। महिला के अनुसार, जेल से निकलने के बाद भी आरोपी लगातार उससे संपर्क करता रहा और संदेशों के माध्यम से भी दबाव बनाता रहा।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने बच्चे को अपनाने का झांसा देकर केस में समझौता करने का दबाव बनाया। साथ ही यह भी कहा कि उसके सहयोगियों के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि आरोपी के कहने पर राँची के विद्यनगर निवासी राकेश कुमार ने फोन-पे के माध्यम से एक लाख रुपये भेजे थे। महिला का आरोप है कि राकेश कुमार उसकी गतिविधियों पर नजर रखता था और अक्सर उसके घर के आसपास दिखाई देता था। महिला की शिकायत के आधार पर अरगोड़ा थाना कांड संख्या 62/2026 (दिनांक 11 मार्च 2026) दर्ज किया गया है। पुलिस ने दानिश रीजवान और राकेश कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 78(2), 79, 351(2), 353(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

