राजधानी राँची में फिर गोली मारकर हत्या… अपराधियों ने कांके थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को सीने में मार दी गोली,जांच में जुटी पुलिस
राँची। राजधानी राँची में अपराधियों ने कांके थाना क्षेत्र गुरुवार की शाम गोलीबारी की है।इस फायरिंग की घटना में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई है। मामले की जानकारी मिलते ही कांके पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटु स्थित ऊपर टोला में रहने वाले 65 वर्षीय राजेन्द्र मुंडा की गुरुवार की शाम गोली मार कर हत्या कर दी गई है। प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश में हत्याकांड को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।पुलिस की जांच में पता चला है कि 65 वर्षीय बुजुर्ग अपने घर के पास खड़े थे, तभी अपराधी मौके पर पहुंच गए और फायरिंग शुरू कर दी।इस गोलीबारी में बुजुर्ग को गोली लग गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही कांके थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।पुलिस ने मृत बुजुर्ग राजेन्द्र मुंडा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक राजेन्द्र मुंडा का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। मामले में पूर्व में भी मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था।
इस संबंध में ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि 65 वर्षीय बुजुर्ग राजेन्द्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि पुरानी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है।आरोपियों की पहचान कर ली गई है।उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

