Ranchi:ओरमांझी में यात्री बस जलाने के मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया,पूछताछ जारी…
राँची।जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र की चुटूपालू घाटी में बुधवार की देर शाम यात्री बस फूंकने के मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मेला आयोजन समिति के कुछ सदस्यों को बुलाकर मामले की जानकारी ली। हिरासत में लिए गए कुछ आरोपियों ने पुलिस को अहम सुराग दिए हैं। जानकारी के अनुसार,राँची से सिलीगुड़ी जा रही आरजू नामक बस से चुटूपालू गांव निवासी विजय माली की 16 वर्षीय पुत्री रूबी कुमारी को टक्कर मार दी थी। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने बस से यात्रियों को नीचे उतारकर आग लगा दी। देर रात ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव घटनास्थल पर पहुंचे।उन्होंने घायल बच्ची को अस्पताल भिजवाया और आगजनी की जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों ने थाना प्रभारी को घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। इसके बाद पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।मामले को लेकर सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है।आगे की कार्रवाई जारी है।कुछ आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

