गोड्डा:12 हजार लीटर नकली पेट्रोल जब्त…बिहार भेजा जा रहा था नकली पेट्रोल,चालक फरार,एफआईआर दर्ज…
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो टैंकरों से 12,000 लीटर से अधिक नकली पेट्रोल जब्त किया। पुलिस को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि बंका से सरकंडा, गोड्डा होते हुए बिहार की ओर अवैध ज्वलनशील पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी आनंद साहा के नेतृत्व में टीम एक्शन में आई।
पुलिस ने पाकुड़-गोड्डा मुख्य मार्ग स्थित सिंहवाहिनी पुल के पास रात में ही वाहन जांच शुरू की। लगभग 1:10 बजे चांदनी चौक की दिशा से पहले एक सफेद मैजिक टैंकर और उसके पीछे एक ट्रक टैंकर आता दिखाई दिया। पुलिस चेकिंग देखते ही दोनों वाहनों के चालकों ने टैंकरों को रोककर घुमाने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र बल के जवानों ने तुरंत दौड़ लगाकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। इस दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
रात होने और आसपास कोई नहीं होने पर आरक्षी संजीव पंडित और आरक्षी राजीत दुबे की उपस्थिति में वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी में टैंकरों के ढक्कन खोले और भीतर रखे पदार्थ को सूंघकर देखा। इसमें पेट्रोल जैसी गंध वाला नकली ज्वलनशील पदार्थ भरा हुआ पाया गया।
दोनों टैंकरों से लगभग 12,000 लीटर नकली पेट्रोल बरामद होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मौके पर काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन ज्वलनशील पदार्थ से जुड़े कागजात लेकर कोई भी व्यक्ति नहीं पहुंचा।
किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। इसके बाद वाहन मालिक, चालक और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपों में अवैध ज्वलनशील पदार्थ की खरीद-बिक्री, नकली पेट्रोल तैयार करने के लिए रासायनिक मिश्रण का उपयोग, आपराधिक षड्यंत्र, जालसाजी और राजस्व चोरी शामिल हैं।

