धनबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा प्रिंस खान गिरोह के 4 सदस्य,हवाला कारोबार का खुलासा, 17 लाख रुपए से अधिक नगदी बरामद..

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद पुलिस ने हैदर अली उर्फ प्रिंस खान गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अवैध मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला कारोबार में सक्रिय थे। पुलिस ने इनके पास से 17,34,900 रुपए नगद, दो लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं।धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग की विशेष टीम ने 60 पुलिसकर्मियों के साथ छापेमारी अभियान चलाया। मंगलवार तड़के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के वासेपुर और आसपास के कई ठिकानों पर तलाशी ली गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी प्रिंस खान के लिए ‘स्लीपर सेल’ के तौर पर काम कर रहे थे। वे धन के लेनदेन, जमीन पर कब्जा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में उसकी मदद करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परवेज़ खान, सैफ आलम उर्फ राशिद, तौशीफ आलम उर्फ मूसा और इम्तियाज अली उर्फ लाडले के रूप में हुई है। ये सभी बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

एसएसपी के अनुसार, यह गिरोह धनबाद में व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों और ठेकेदारों से संपर्क कर अवैध कमाई को वैध दिखाने का काम करता था। जांच से पता चला है कि गिरोह का मुख्य सरगना प्रिंस खान विदेश से ही अपने सहयोगियों को निर्देश दे रहा था।धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई की शहर में काफी चर्चा है। एसएसपी ने बताया कि प्रिंस खान गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है।

error: Content is protected !!