तेज रफ़्तार पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल सवार को कुचला,मौके पर दर्दनाक मौत, मुआवजे के लिए सड़क जाम..
जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के हाता-टाटा मुख्य मार्ग पर पोटका थाना क्षेत्र के गितिलता के समीप पिकअप वैन की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गयी।घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। इसकी खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। यह घटना सोमवार सुबह लगभग नौ बजे की है। तेज रफ्तार पिकअप वैन के कहर ने एक व्यक्ति की जान ले ली।
गितिलता टोला भुरसाडीह निवासी विक्रम बास्के अपनी मोटरसाइकिल से अपनी पत्नी को कुदादा से छोड़कर वापस घर लौट रहा था।इसी दौरान गितिलता के समीप एक पिकअप वैन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी।
सूचना मिलने के बाद पोटका पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने पिकअप वैन को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने परिजनों के साथ टाटा-हाता मुख्य पथ को जाम कर दिया।इससे वाहनों की लंबी कतार लग गयी। पोटका पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।पुलिस के समझाने के बाद जाम हटाया गया।

