दुमका एयरपोर्ट के सोलर पावर यूनिट में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

दुमका।झारखण्ड की उपराजधानी दुमका में हवाई अड्डा परिसर स्थित सोलर पावर युनिट में आज गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई।तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।एयरपोर्ट पर आज सोलर प्लांट में अचानक आग लग गई, जिससे काफी संख्या में बैटरियां जल गईं।जैसे ही प्लांट के मुख्य केबिन से धुआं और लपटें उठती दिखीं, एयरपोर्ट के कर्मियों ने तुरंत नगर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर दमकल की दो गाड़ियां और दो एंबुलेंस भी एयरपोर्ट पर पहुंची थी।एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।एयरपोर्ट कर्मियों ने बताया कि आग सोलर पैनल तक फैल चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर दुमका सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार महतो भी दुमका एयरपोर्ट पहुंचे और आग पर काबू पाये जाने तक वहां बने रहे।

घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।आग कैसे लगी या कोई अन्य तकनीकी कारण इसके पीछे है, इस पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने फिलहाल कुछ भी स्पष्ट कहने से परहेज किया है।दुमका एयरपोर्ट के प्रबंधक अंकित सिन्हा ने केवल इतना कहा कि सोलर प्लांट में आग लग गई है।वैसे सोलर पावर यूनिट का रूटिन मैनटेनेंस होता रहता है।सरकारी एजेंसी ने ही सोलर पैनल और पावर यूनिट को इंस्टॉल किया है।संबंधित एजेंसी को इस घटना के संबंध में सूचित कर दिया गया है।

दुमका एयरपोर्ट पर अभी यात्री सेवाएं प्रारंभ नहीं हुई हैं। यहां केवल झारखण्ड फ्लाइंग इंस्टीच्युट संचालित है। इसके लिए ग्लाइडर जैसे आधे दर्जन विमान प्रशिक्षण के लिए रखे गये हैं।एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास सोलर पैनल बिछाये गये हैं, जबकि मुख्य प्रशासनिक भवन के पीछे सोलर पावर यूनिट है, जिसमें बैटरियां लगी हुई हैं और दूसरे उपकरण लगे हुए हैं।इस अगलगी में किसी दूसरी चीजों का नुकसान नहीं हुआ है।

error: Content is protected !!