राजधानी राँची के ईएनटी डॉक्टर से अपराधी प्रिंस खान ने मांगी 2 करोड़ की रंगदारी,जांच में जुटी है पुलिस…
–दुबई से वाट्सएप पर भेजा धमकी भरा मैसेज, अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी कराई गई दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
राँची।राँची के कडरू निवासी ईएनटी डाक्टर समित मधुप लाल से कुख्यात व फरार अपराधी प्रिंस खान ने दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। इस संबंध में डॉ. समित लाल ने अरगोड़ा थाना में प्रिंस खान सहित तीन के विरुद्ध रंगदारी मांगने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उनका कडरू में डॉ. लाल्स हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर सेंटर है। जिसके वे संचालक है। 7 अक्टूबर की रात 10.30 बजे उनके मोबाइल 977—-955 पर एक वर्चुअल नंबर +44744—-308 से वाट्सएप के जरिए धमकी भरे संदेश और वायस नोट्स भेजे गए। भेजने वाले व्यक्ति ने अपना नाम प्रिंस खान बताया। उसने बताया कि वह दुबई से मैसेज भेज रहा है। उसने लगातार 10.33, 10.43, 10.45, 10.46 और 10.54 में संदेश भेजा। उक्त संदेश में दो करोड़ रुपए की मांग की गई। धमकी भरे संदेश में यह भी कहा गया कि अगर वह उनकी मांग पूरी नहीं करते है तो वह उन्हें व उनके पूरे परिवार को जान से मार देगा। उक्त संदेश में उसने रंगदारी मांगने के लिए अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया था। इस रंगदारी भरे मैसेज के बाद डॉ समित लाल का पूरा परिवार भयभीत है। परिवार के सदस्य इस घटना के बाद से मानसिक रूप से भी परेशान है।
डॉ समित लाल ने दो के विरुद्ध दर्ज करा रखा है आपराधिक मामला, उन्हें इनपर भी संदेह
डॉ समित लाल ने दर्ज प्राथमिकी में यह भी बताया है कि उन्होंने दो लोगो के विरुद्ध अरगोड़ा थाना और सिकिदरी थाना में आपराधिक मामला दर्ज करा रखा है। एक राजेश कुमार सिंह उर्फ बंटी जिसके विरुद्ध अरगोड़ा थाना में और दूसरा अमाल खान जिसके विरुद्ध सिकिदरी थाने में वित्तीय धोखाधड़ी और जान से धमकी मारे जाने के आरोप में मामला दर्ज करा रखा है। उन्हें इन दोनों पर भी संदेह है कि धमकी के पीछे इन दोनों व्यक्तियों का भी हाथ हो सकता है। प्राथमिकी में यह भी बताया है कि राजेश कुमार सिंह और अमाल खान दोनों ही न्यायालय द्वारा सजा होने के बाद जमानत पर फिलहाल रिहा चल रहे है। न्यायालय के आदेशानुसार राजेश कुमार सिंह को हर महीने अरगोड़ा थाना में उपस्थिति दर्ज करानी थी। लेकिन उनकी जानकारी के अनुसार उसने ऐसा नहीं किया है। उसने पूर्व में भी डॉ समित लाल को धमकी दी थी। इस वजह से उन्हें आशंका है कि वह भी उन्हें फिर धमकी दे सकता है।
+44744—-308 जिस नंबर से धमकी आया वह यूके का कोड
+44 यूनाइटेड किंगडम का देश कोड है, जो इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड सहित पूरे देश को कवर करता है। यह भी ध्यान रखने वाली बात है क्योंकि फोन नंबरों में +44 के रूप में अपराधी धोखाधड़ी के लिए भी इस्तेमाल कर रहे है। अब राँची पुलिस के लिए यह चुनौती हो गई है इस नंबर का डिटेल्स पता करना। प्रिंस खान झारखंड पुलिस के लिए भगोड़ा है। उसके विरुद्ध रेड कार्नर नोटिस भी जारी है। वह खुद को दुबई में होने का दावा करता है और वहीं से रंगदारी मांगने की बात करता है। इससे पहले उसने 17 सितंबर को लालपुर निवासी व्यवसायी कृष्ण गोपालका से दुबई में बैठे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने इस मामले में कोलकाता से दो लोगो को गिरफ्तार किया था। जो प्रिंस खान के रंगदारी के रुपए निवेश करते थे।

