तेज रफ़्तार में कार ने बाइक सवार को मारा धक्का,स्वास्थ्यकर्मी की मौत,कार चालक अस्पताल से फरार…

खूंटी।जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के महतोटोली और मसमानो गांव के बीच एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई। घटना बुधवार को दिन के साढ़े तीन बजे की है। मृतक स्वास्थ्यकर्मी 48 वर्षीय बीरेन्द्र प्रसाद मूलरूप से सिमडेगा जिले के सिकरियाटांड़ लालूटोली के निवासी थे। वे राँची जिले के बेड़ो अस्पताल में मलेरिया इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे। बीरेन्द्र प्रसाद बेड़ो के अतिरिक्त नगड़ी और लापुंग प्रखंड का भी प्रभार संभाल रहे थे।

बुधवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद बाइक से कर्रा होकर राँची स्थित हरमू अपने आवास लौट रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही एसयूवी से बाइक की टक्कर हो गई।इसके बाद सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति कर्रा महतो टोली के अध्यक्ष चन्द्रशेखर महतो, दिवाकर महतो, मंटू महतो, लोकेश महतो, मुकेश महतो, रंजीत महतो समेत स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाई और घायल बीरेन्द्र प्रसाद तथा कार चालक दोनों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि,अस्पताल पहुंचने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

इधर, कर्रा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। वहीं परिजन कर्रा थाना पहुंच चुके हैं। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल भेजेगी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद भी एसयूवी चालक ने बेरहमी दिखाते हुए वाहन नहीं रोका और बाइक समेत चालक को कुछ दूर तक घसीटता रहा। जब बाइक कार में फंस गई और एसयूवी रुक गई तब मौके पर भीड़ जमा हो गई।

error: Content is protected !!