सिमडेगा के बाल संप्रेक्षण गृह से 6 बच्चे फरार,पुलिस बच्चों को ढूंढने की कोशिश में जुटी….
सिमडेगा।झारखण्ड के सिमडेगा बाल संप्रेक्षण गृह से 6 बच्चे फरार हो गए हैं। ये सभी बच्चे अलग-अलग कांडों में पकड़े गए थे। जानकारी के अनुसार ड्राम लगाकर बच्चे संप्रेक्षण गृह की बाउंड्री फांदकर फरार हो गए। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बच्चों की तलाश में जुट गई है।पुलिस ने तुरंत छापेमारी अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद 6 में से 2 बच्चों को पकड़ लिया गया है। बाकी 4 नाबालिग अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई है।
बताया जाता है कि हत्या सहित अन्य अलग-अलग मामलों में पकड़े गए 6 बच्चे रविवार रात अंधेरे का फायदा उठाकर बाल संप्रेक्षण गृह की दीवार फांदकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार फरार बच्चों में लातेहार का एक, पश्चिम सिंहभूम के दो और गुमला के 3 बच्चे शामिल हैं।इनके फरार होने की सूचना मिलते हैं डीएसपी हेडक्वार्टर और एसडीपीओ सिमडेगा मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस फरार बच्चों को पकड़ने की कोशिश में जुट गई है।इधर, बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चों के फरार होने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। विदित हो कि कुछ माह पूर्व भी बाल संप्रेक्षण गृह के एक बच्चे के साथ मारपीट की घटना हुई थी।जिसके पश्चात सदर अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था और अब एक साथ 6 बच्चों के भागने का मामला सामने आने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।वहीं,इस संबंध में सिमडेगा के एसपी मो. अर्सी ने कहा कि बाल संप्रेक्षण गृह से 6 बच्चे फरार हुए हैं। पुलिस बच्चों को ढूंढने की कोशिश में जुटी है।

