रामगढ़ पुलिस के बेड़े में शामिल हुए 32 नए वाहन, एसपी ने खुद संभाली स्टीयरिंग..

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और अपराधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस को वाहनों की एक बड़ी खेप सौंपी गई है। शुक्रवार को राँची में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद रामगढ़ पुलिस महकमे को 13 नई बोलेरो गाड़ियां और 19 आधुनिक बाइक उपलब्ध कराई गई हैं।इन नए वाहनों के जिला मुख्यालय आते ही शनिवार को रामगढ़ के एसपी अजय कुमार एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने खुद नई बोलेरो की ड्राइविंग सीट संभाली और शहर के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों का जायजा लिया। एसपी के नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्च सह निरीक्षण अभियान में जिले के कई अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी भी अपनी नई गाड़ियों के साथ शामिल हुए।निरीक्षण के दौरान एसपी अजय कुमार ने आम जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि इन वाहनों के आने से पुलिस की रिस्पांस टाइम में काफी सुधार आएगा। उन्होंने जनता से अपील की, किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या अपराध की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें। ये नई पेट्रोलिंग गाड़ियां आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और सूचना मिलते ही चंद मिनटों में आपके पास पहुंचकर मामले का त्वरित समाधान करेंगी।

एसपी अजय कुमार ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का यह कदम पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।संसाधनों की कमी दूर होने से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और फील्ड में उनकी कार्यक्षमता में इजाफा होता है।

error: Content is protected !!