ज्वैलरी दुकान से 20 लाख के गहने और कैश चोरी,ग्रिल और शटर का ताला तोड़ दुकान में घुसे चोर,सीसीटीवी में कैद हुई घटना

 

हज़ारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में सोमवार की देर रात एक ज्वैलरी शॉप से चोरों ने करीब 20 लाख रुपए के गहने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना बरकट्ठा में बैंक ऑफ इंडिया के पास स्थित ज्योति ज्वेलर्स में हुई। दुकान में लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई है।चोरों ने शटर और ग्रिल में लगे ताला को तोड़ा और फिर दुकान के अंदर घुसकर चोरी को अंजाम दिया।दुकान में रखे लॉकर को तोड़ चोरों ने सोने-चांदी के गहने और नगदी चुरा लिए। घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

दुकान के मालिक संजय सोनी ने बताया कि रोजाना की तरह वे रात 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार की सुबह मकान मालिक से चोरी की सूचना मिलने पर वो दुकान पहुंचे, तो देखा शटर का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने दुकान में रखा हाई सिक्योरिटी लॉकर भी तोड़ दिया था।

चोरों के द्वारा सीसीटीवी कैमरे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन पूरी वारदात कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इधर, घटना की सूचना के बाद बरकट्ठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बरही अनुमंडल के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है।

वहीं, क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों में चिंता का माहौल है। हाल के दिनों में चोरी की यह तीसरी घटना है, जिसमें ज्वेलर्स को निशाना बनाया गया है। व्यवसायियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। मामले में एसडीपीओ ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!