दिन-दहाड़े बंदूक के दम पर केनरा बैंक में बंधक बनाकर 15 लाख की लूट,सहायक मैनेजर का चेन और अंगूठी भी छीने…
जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के साकरा स्थित केनरा बैंक से मंगलवार की दोपहर लगभग 1:45 बजे अज्ञात लुटेरों ने बंदूक (देसी कट्टा) की नोक पर लगभग 15 लाख रुपया लूट लिए। लुटेरे बैंक के सभी स्टाफ और ग्राहकों से उनके मोबाइल फोन ले लिए और सभी को बंधक बना लिया। सहायक प्रबंधक सौरभ वर्मा की गले की चेन और अंगूठी भी लुटेरों ने छीन लिए। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे ने बाहर से ताला लगाकर भाग गए स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बहरागोड़ा पुलिस को दी।घटना की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कटर से मेन गेट का ताला काट कर सभी बंधकों को मुक्त कराया।बंधकों में लगभग 6 से 7 खाता धारक भी थे।घटना की सूचना पाकर घाटशिला डीएसपी अजीत कुमार कुजूर मौके पर पहुंचे। बैंक के अधिकारी से घटना संबंधित विस्तृत जानकारी ली। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बैंक लूटने के लिए 5 से 6 लुटेरे दोपहर लगभग 1:40 बजे बैंक पहुंचे थे। कटारी और देसी कट्टा दिखाकर बैंक के केस काउंटर से लगभग 7 लाख और लॉकर से लगभग 8 लाख रुपये लूटे। सहायक शाखा प्रबंधक सौरभ वर्मा से सोने की लॉकर खोलने की बात कही। वर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र का बैंक होने के कारण यहां कोई लॉकर नहीं है। लुटेरों ने कर्मचारियों को कई बार जान से मारने की धमकी भी दी। लुटेरों ने सहायक शाखा प्रबंधक के गले से चेन और अंगूठी ले लिया।इसके बाद सभी को बंधक बनाकर लुटेरे फरार हो गए।बैंक के अंदर चार लुटेरे जबकि बैंक के बाहर दो लुटेरे मुंह में माक्स एवं रुमाल से बांधे हुए खड़े थे।
घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से 5 से 6 लुटेरे मोटरसाइकिल पर सवार होकर साकरा (चित्रेश्वर रोड) होते हुए फरार हो गए।लूट के दौरान बैंक के कर्मचारियों के साथ वे हिंदी में बात कर रहे थे, जबकि आपस में बांग्ला में बात कर रहे थे।बंधक बनाए जाने के बाद ग्राहकों और कर्मचारियों की हालत खराब हो गई थी।पुलिस ने जब सभी को बंधक से मुक्त कराया तो सभी ने राहत की सांस ली।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक कर्मी और खाता धारकों के मोबाइल फोन साकरा चौक के पास ही खेतों में फेंक दिए और चित्रेश्वर के रास्ते बंगाल की ओर फरार हो गये।लूट की घटना को अंजाम देने के बाद एक लुटेरा शाखा प्रबंधक नानाजी राव को बंदूक की नोक पर उनके चैंबर में ले गया और सीसीटीवी फुटेज की हार्डडिस्क के बारे में पूछने लगा।शाखा प्रबंधक ने चालाकी दिखाते हुए इंटरनेट बॉक्स की ओर इशारा किया। लुटेरे तार काटकर इंटरनेट बॉक्स को अपने साथ ले गए, जबकि सीसीटीवी का हार्ड डिस्क सुरक्षित बच गया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करेगी।
इस बैंक में लगभग प्रतिदिन 60 से 100 ग्राहक लेनदेन करने पहुंचते हैं।यह बैंक गांव के अंदर ही है। मगर आज तक बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था नहीं की गई है।जिस कारण से लगभग 10 से 15 मिनट तक लुटेरे रुक कर लूट की घटना को अंजाम दिया। बहरागोड़ा में पहली बार दिन के उजाले में लूट की घटना हुई है।ऐसी घटना आज तक कभी नहीं हुई है।
घाटशिला के डीएसपी अजीत कुमार कुजूर ने घटना के बाद कहा कि बैंक में लूट की घटना को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है।सभी अधिकारी और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चलेगा कि लुटेरों की एक्टिविटी क्या थी।जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

