गिरिडीह: दो ऑटो में भीषण टक्कर…14 लोग घायल
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां दो ऑटो की आमने-सामने से टक्कर हो गई है।रविवार को हुए इस सड़क हादसे में 14 लोग घायल हो गए हैं।घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर घायलों का इलाज चल रहा है।गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना दुमका-राँची मेन रोड के जीतकुंडी के पास की है।
घटना को लेकर बताया जाता है रविवार को दोनों ऑटो विपरीत दिशा से आ रही थी।तभी जीतकुंडी के पास दोनों ऑटो के चालक ने अपना संतुलन खो दिया और टक्कर हो गई।इस घटना में एक ऑटो के चालक सहित दोनों ऑटो पर बैठे 14 लोग घायल हो गए।घटना के बाद घायलों की चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बिरनी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बिरनी थाना के एसआई शंभू सिंह अस्पताल पहुंचे हुए थे। उन्होंने अस्पताल में घायलों का हालचाल भी लिया और घटना की जानकारी भी ली। अवर निरीक्षक ने बताया कि दोनों ऑटो की टक्कर में 14 लोग घायल हुए हैं।फिलहाल घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। साथ ही घटनास्थल से दोनों ऑटो को जब्त कर लिया गया है।
इस घटना में पूर्णिमा देवी, प्रेरणा कुमारी, लादपरी देवी, सोनी देवी, मंजू देवी, करीना कुमारी, गायत्री देवी, खुशबू देवी, रवि कुमार, रूद्राक्ष कुमार, अंश कुमार, रंजीत कुमार, प्रेमचंद यादव, संजय डोम आदि घायलों में शामिल हैं। इसमें से प्रेमचंद यादव और संजय डोम को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।