शराब घोटाला: दिल्ली से फरार शराब कारोबारी नवीन केडिया राँची में गिरफ्तार, पांच दिन एसीबी के हवाले
राँची।झारखण्ड में शराब घोटाला मामले में गोवा में ट्रांजिट बेल मिलने के बाद से फरार चल रहे छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी नवीन केडिया को झारखण्ड एसीबी की टीम ने मंगलवार को राँची से ही गिरफ्तार कर लिया है।वह छत्तीसगढ़ के दुर्ग का निवासी है। एसीबी कोर्ट, हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद वह राँची में सरेंडर करने आया था।उससे पहले ही एसीबी के हत्थे चढ़ गया।अब एसीबी उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
नवीन केडिया पर पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान झारखण्ड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति का आरोप है।गिरफ्तारी वारंट मिलने के बाद एसीबी ने नवीन केडिया को गोवा के स्पा सेंटर में मसाज कराते वक्त आठ जनवरी को गिरफ्तार किया था।नौ जनवरी को गोवा की अदालत ने उसे चार दिनों का ट्रांजिट बेल इस शर्त के साथ दिया था कि वह चार दिनों के भीतर यानी 12 जनवरी तक हर हाल में झारखण्ड एसीबी के उक्त केस के अनुसंधानकर्ता के सामने आत्मसमर्पण कर देगा।इसके बाद नवीन केडिया गोवा से हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचा था। उसकी निगरानी में लगी झारखण्ड एसीबी की टीम भी पीछे-पीछे दिल्ली पहुंच गई थी। इस टीम में एसीबी के आठ अधिकारी-जवान शामिल थे।
इसी बीच दिल्ली में ही नवीन केडिया ने झारखण्ड एसीबी की टीम को चकमा देने में सफल रहा और वहां से फरार हो गया था। वह निर्धारित समय सीमा के भीतर एसीबी राँची के अनुसंधान पदाधिकारी के सामने उपस्थित नहीं हुआ।
एसीबी ने उसकी गिरफ्तारी को लेकर लुक आउट नोटिस भी जारी की थी। नवीन केडिया ने गोवा कोर्ट के ट्रांजिट बेल की भी अवमानना की, जिसके बाद गोवा कोर्ट ने उसकी जमानत में भरे गए पांच लाख रुपये के बेलबांड की राशि को भी जब्ती का आदेश दिया था।
नवीन केडिया की गिरफ्तारी से लेकर उसकी निगरानी तक में शामिल सभी आठों अधिकारियों-जवानों को लापरवाही बरतने के आरोप में एडीजी एसीबी ने निलंबित कर दिया था।
निलंबित होने वालों में एसीबी झारखण्ड के पुलिस इंस्पेक्टर विजय केरकेट्टा, दारोगा शशिकांत कुमार, हवलदार अनूप साह, सिपाही रौशन सिंह व सिपाही अमन प्रताप के अलावा राँची जिला बल के दारोगा राहुल कुमार, एएसआइ राजीव रंजन कुमार, सिपाही रवि शंकर शर्मा शामिल थे।
नवीन केडिया से पांच दिन पूछताछ करेगी एसीबी
इधर झारखण्ड में शराब घोटाले में फरार चल रहे छत्तीसगढ़ के कारोबारी नवीन केडिया को एसीबी ने गिरफ्तारी के बाद उसे एसीबी कोर्ट में गुरुवार को पेश किया। मामले के अनुसंधान पदाधिकारी ने पूछताछ के लिए सात दिनों की रिमांड की मांग करते हुए कोर्ट में याचिका दाखिल की।याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने पांच दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की अनुमति प्रदान की। इससे पूर्व एसीबी रिम्स में इलाजरत आरोपी नवीन केडिया को सुरक्षा व्यवस्था के साथ शाम 5.10 बजे एंबुलेंस से सिविल कोर्ट लेकर पहुंची।आरोपी को व्हीलचेयर पर बैठाकर अदालत में पेश किया गया। आरोपी को अस्पताल से सीधे कोर्ट लाया गया था।

