राँची में सुनसान जगह पर मिली युवक की लाश, इलाके में मचा हड़कंप,जांच में जुटी है पुलिस..

राँची।राजधानी राँची के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुरानी राँची औघड़ बाबा आश्रम के सामने स्थित सरकारी खाली जमीन पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
हत्या, हादसा या किसी अन्य वजह से मौत? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान के साथ-साथ उसके वहां पहुंचने की वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि व्यक्ति की मौत स्वाभाविक रूप से हुई है, किसी हादसे में जान गई या फिर मामला आपराधिक घटना से जुड़ा है।पुलिस आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। मृतक के हुलिए और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, पुलिस घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।

