भतीजी ने फुआ की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी, इलाके में हड़कंप,जांच में जुटी पुलिस..

 

साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र स्थित बांझी संथाली गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद और अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।यहां एक महिला की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय संझली हांसदा बुधवार सुबह अपनी भतीजी तारा हांसदा के घर पहुंची थी। इसी दौरान संझली हांसदा का तारा हांसदा की मां के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई। गांव के लोगों के अनुसार जमीन को लेकर पहले से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

विवाद बढ़ने के दौरान तारा हांसदा अपनी मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने अपनी ही फुआ संझली हांसदा के सिर पर पत्थर से वार कर दिया।पत्थर से किए गए हमले में संझली हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजहों का पता लगाया जा रहा है।इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

error: Content is protected !!