Ranchi:बुढ़मू में मोटर चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या..पुलिस ने कई लोगों को हिरासत लिया…
राँची।जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र के चांया गांव में तुलसी नायक के 18 वर्षीय पुत्र विक्की नायक की मोटर पंप चुराने के आरोप में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सिंचाई कुएं से मोटर पंप चुराने के आरोप में विक्की नायक और विवेक मुंडा को पकड़कर बैठक की, जहां विक्की की बेरहमी से पिटाई की गई जबकि विवेक को लप्पड़-थप्पड़ कर छोड़ दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आठ दिन पहले पंचायत समिति सदस्य के प्रतिनिधि कामेश्वर यादव और विष्णु यादव के कुएं से मोटर पंप चोरी हो गया था।चोरी के चार दिन बाद चोरों ने कामेश्वर यादव का मोटर पंप उसके कुएं के पास रख दिया, जबकि विष्णु यादव का मोटर पंप नहीं मिला। हालांकि दोनों ने चोरी से संबंधित सूचना थाने को नहीं दी थी। इधर, विक्की की मौत के बाद उसकी माँ भुटकी देवी ने सात नामजद समेत दर्जनों अज्ञात के खिलाफ बेटे की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मृतक की माँ भुटकी देवी ने बताया कि मेरे बेटे को मारने वालों में कामेश्वर यादव, सरूला मुंडा, बबिया मुंडा, रामजीत महतो, मानव यादव, विनोद उरांव और विजय मुंडा शामिल थे। सूचना मिलने पर बुढ़मू पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।पोस्टमार्टम के बाद विक्की का शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक की मां भुटकी देवी ने बताया कि गुरुवार की रात कामेश्वर यादव उर्फ सरपंच घर में आकर बेटे विक्की पर मोटर पंप चुराने का आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों की बैठक है वहां तुम्हारे बेटे को मोटर चोरी के आरोप को स्वीकार करना होगा। शुक्रवार की सुबह विक्की शौच के लिए तालाब की ओर गया था। वहीं से दो लोग बाइक पर बैठाकर उसे ले गए, जहां मोटर पंप चुराने की बात स्वीकार करने का दबाव बनाया, लेकिन विक्की ने पंप चुराने से इनकार कर दिया। इससे आक्रोशित लोगों ने उसकी लात-घूंसों से पिटाई कर दी। परिजन उसे गंभीर हालत में बुढ़मू सीएचसी ले गए, जहां से उसे रिम्स रेफर कर दिया गया, परंतु रास्ते में विक्की ने दम तोड़ दिया।वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है।इधर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है। 5-6 लोगों को हिरासत में लिया है।आगे छापेमारी जारी है।

