महिला ने पुल से लगाई छलांग, दो मासूम बच्चों को छोड़कर किया आत्महत्या का प्रयास..

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में बुधवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। शहर थाना क्षेत्र स्थित कोयल पुल पर एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों को पुल पर छोड़कर नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपने दोनों बच्चों के साथ पुल पर पहुंची थी।कुछ देर बाद अचानक उसने बच्चों को वहीं खड़ा छोड़ दिया और पुल से नीचे छलांग लगा दी।

घटना की जानकारी मिलते ही टीओपी के तीन के टाइगर मोबाइल के जवान सुनील कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे।उन्होंने तत्काल टीओपी वन प्रभारी इंद्रदेव पासवान को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार घायल महिला की पहचान आरती देवी के रूप में हुई है। वह लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नावागेठा गांव निवासी शशि राम की पत्नी बताई जा रही है।वहीं आरती देवी का मायका चैनपुर थाना क्षेत्र के गर्दा नेउरा गांव में बताया जा रहा है।घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंचने की तैयारी में हैं।

फिलहाल महिला के आत्महत्या का प्रयास करने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला के परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।घटना के बाद कुछ समय के लिए कोयल पुल पर लोगों की भीड़ लगने से जाम की स्थिति भी बन गई थी।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात को सामान्य कराया।पुलिस का कहना है कि महिला के बयान के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!