कोडरमा:छठ की खरीदारी करने आई महिला से महिला और बच्ची ने चेन छीना और हुईं फरार

 

कोडरमा।झारखण्ड कोडरमा में चेन स्नैचर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार दोपहर झुमरीतिलैया शहर के झंडा चौक के पास छठ की खरीदारी करने आई एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर बदमाश फरार हो गए। पीड़िता ने तिलैया थाने में शिकायत दर्ज कराई है।इंदरवा बस्ती निवासी पीड़िता बिंदु देवी (पति अजय यादव) ने तिलैया थाना में आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि छीनी गई सोने की चेन का वजन करीब 15 ग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपए है।

पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने देवर सुनील के साथ बाइक से छठ की खरीदारी के लिए झुमरीतिलैया बाजार गई थीं। झंडा चौक के ब्लॉक मोड़ के पास देवर ने उन्हें बाइक से उतारा और बाइक खड़ी करने चले गए। इसी दौरान एक अज्ञात महिला और बच्ची ने उनके गले से चेन छीन ली और फरार हो गईं।

घटना के बाद शोर सुनकर तिलैया पुलिस के पैंथर जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल चेन स्नैचरों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि त्योहारों के दौरान ऐसे गिरोह अक्सर सक्रिय हो जाते हैं। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

error: Content is protected !!