चार दिन के अंदर गैंगस्टर राहुल सिंह गिरोह के आठ अपराधी राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा…कार शोरूम के बाहर फायरिंग मामले का खुलासा…
राँची।राँची पुलिस ने फिर बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात गैंग्स्टर राहुल सिंह गिरोह के पांच अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार अपराधियों के द्वारा राँची में एक कार शोरूम में भी फायरिंग की थी।सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि चार फरवरी को टोयोटा शोरूम के समीप विकास अस्पताल के पास अज्ञात अपराधियों के द्वारा हवाई फायरिंग की गई थी।इस संदर्भ में 5 फरवरी 2026 को सदर (मेसरा) थाना में कांड सं 49/2026, धारा-109 (1) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। इसी क्रम में गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी कोकर चौक स्थित सुंदर विहार में देखा गया है। जिसके बाद एक छापेमारी दल का गठन किया गया और विधिवत छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान राँची के ओरमांझी थाना अंतर्गत पाचा इलाके के 20 वर्षीय अमन कुमार ठाकुर उर्फ छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।इस दौरान घटना में प्रयुक्त हथियार, गोली, मोटरसाइकिल, पहने हुए कपड़े और चप्पल अपने घर में छिपा कर रखने की बात सामने आई।जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पाचा स्थित घर में छापेमारी कर घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा अभियुक्त अमन कुमार ठाकुर की निशानदेही पर अन्य चार अभियुक्त करण कुमार उरांव, विशाल मुंडा, सेंटू सिंह और रामानंद कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की जांच में बात सामने आई है कि गोलीबारी की वारदात को राहुल सिंह के आदेश पर अंजाम दिया गया था।राहुल सिंह के द्वारा कार शोरूम के मालिक से रंगदारी की डिमांड की गई थी।लेकिन रंगदारी देने से इनकार करने पर शोरूम पर गोली चलाने की जिम्मेदारी अपराधियों को दी गई थी। हालांकि अपराधियों ने गलती से कार शोरूम के बगल में स्थित अस्पताल के गेट पर फायरिंग कर दी थी।गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1 पिस्टल, दो जिंदा गोली, एक मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल. एक हेलमेट और कपड़ा बरामद हुआ है।

