रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों ने मचाया तांडव, 4 लोगों की ले ली जान,कई घायल…

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के वेस्ट बोकारो थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का तांडव देखने को मिला है।मंगलवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने दो महिलाओं और दो पुरुषों को कुचलकर मार डाला।घटना के बाद गुस्साए ग्रमीणों ने आरा काटा मुख्य चौक को पूरी तरह जाम कर दिया।लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का भी आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार,आरा काटा सारूबेड़ा फीडर के पास मंगलवार करीब 4 बजे जंगली हाथियों का झुंड वन क्षेत्र की ओर बढ़ रहा था।कुछ लोग हाथी के साथ सेल्फी और फोटो लेने के लिए हाथियों के पास आए, जिसमें से एक हाथी ने अमित नामक युवक की पटक-पटककर जान ले ली।इसके बाद देर रात फिर हाथियों का झुंड आरा काटा 4 नंबर सड़क के किनारे मोहल्ले में जा घुसा और हाथियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकलकर भागने लगे।इस दौरान हाथियों ने बुजुर्ग महिला पार्वती देवी और सावित्री देवी की कुचलकर जान ले ली। जंगली हाथियों का तांडव यहीं नहीं रुका, हाथियों ने बाइक से जा रहे एक युवक को भी अपनी चपेट में ले लिया और उसे भी कुचल दिया, जिससे युवक की मौत हो गई।


घटना को लेकर महिला ने बताया कि वह घर के अंदर थी।अचानक दरवाजे पर हाथियों के झुंड ने जोरदार टक्कर मार दी।उसने किसी तरह दरवाजा बंद किया और अपनी जान बचाने के लिए घर के पीछे भाग गई।वहीं, घायल माता-पिता की बेटी परी ने बताया कि हाथियों का झुंड पहुंचा था इस दौरान घर के सभी सदस्य घर के पिछले दरवाजे से भागने लगे। माता-पिता गेट के पास खड़े हो गए ताकि हाथियों का झुंड उनके घरों में ना प्रवेश करें, लेकिन हाथियों ने उनके कच्चे मकान को गेट के साथ गिरा दिया।जिससे उनके मां-बाप घायल हो गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथी आने के बाद से रातभर सभी लोग दहशत में है। वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। इस बीच, मृतक पार्वती देवी की बहू लक्ष्मी ने बताया कि वो बहुत डर गई थी और सभी लोग सड़क की ओर भागने लगे।इसी दौरान, उनकी सास पीछे रह गईं और हाथियों ने उन्हें कुचलकर मार डाला।

इधर, सड़क जाम होने के करीब 4 घंटे के बाद रामगढ़ वन विभाग के टीम पहुंची और ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब तक हाथियों को सुरक्षित स्थान पर नहीं भेज दिया जाता, तब तक जाम नहीं हटाएंगे।इस मामले में रेंजर बटेश्वर पासवान ने बताया कि कुछ लोग हाथियों के नजदीक फोटो खींचने चले जा रहे हैं, जिसके कारण हाथी के चपेटे में आ जा रहे हैं।मंगलवार को हाथियों ने कुल चार लोगों को मार डाला।पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।लोगों से अपील है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें क्योंकि हाथियों का झुंड कई ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहा है।

error: Content is protected !!