भाभी जी जेल में है तो मौसा जी ने कंमान संभाला है..सासाराम के कुख्यात ड्रग तस्कर मौसा जी से ब्राउन शुगर लेकर राँची पहुँचे तीन तस्कर गिरफ्तार
राँची।राजधानी राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में फिर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के हत्थे चढ़ा ब्राउन शुगर तस्कर।पुलिस ने 28.59 ग्राम ब्राउन शुगर (5.60 लाख रुपये) के साथ तस्करी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।इनमें शिवा राम (किशोरगंज, वाल्मीकि नगर), अमर कुमार यादव (रातू रोड) व सूरज कुमार शर्मा (पहाड़ी मंदिर रोड) शामिल हैं। तीनों से पूछताछ में बताया गया कि वे सासाराम के बबन साह उर्फ मौसा जी और सूरज कुमार से ब्राउन शुगर खरीदकर राँची लाते थे तथा इसे ऊंचे दामों में बेचते थे।आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर के साथ एक बाइक बरामद किया गया है।
यह जानकारी सिटी एसपी पारस राणा ने शनिवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में दी।इस दौरान कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय व सुखदेवनगर थाना प्रभारी केके साहू व अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।सिटी एसपी ने बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर लाकर राँची स्टेशन से पहाड़ी मंदिर की ओर बाइक से आ रहे हैं।इसी सूचना पर कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में सुखदेवनगर पुलिस ने पहाड़ी मंदिर के पास जाल बिछाया। कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में बनी विशेष छापेमारी टीम ने बानो मंजिल रोड, पहाड़ी मंदिर मार्ग पर निगरानी शुरू की।इसी दौरान 31 अक्तूबर को रात लगभग 12:30 बजे एक बाइक ( जेएच 01बी- 9752) पर सवार तीन लोगों को पुलिस ने रोका।पूछताछ और तलाशी के क्रम में तीनों के पास से कुल 28.59 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ, जिसका बाजार मूल्य पांच लाख 60 हजार रुपये आंका गया है।

