पत्नी ने शराब छोड़ने कहा तो शराबी पति ने पत्नी को जिंदा जलाया…आरोपी पति गिरफ्तार
बेगूसराय।बिहार के बेगूसराय में बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा गांव में मंगलवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने से मना करने पर पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला डाला।घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय रिडू कुमारी, पत्नी जितेन्द्र कुमार के रूप में हुई है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पति जितेन्द्र कुमार अक्सर शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था। मंगलवार की रात जब रिडू कुमारी ने उसे शराब पीने से मना किया, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।गुस्से में आकर जितेन्द्र ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में झुलसी रिडू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही बखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति जितेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।आगे की कार्रवाई जारी है।

