बड़कागांव में ग्रामीण और एनटीपीसी पदाधिकारियों के बीच हिंसक झड़प, बादम कोल खनन परियोजना की ग्राम सभा में हुई घटना

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड में ग्रामीण और एनटीपीसी के वरीय पदाधिकारीयों के बीच हिंसक झड़प हो गई है। जिसमें कई पुलिसकर्मी, एनटीपीसी के पदाधिकारी और ग्रामीण घायल हुए हैं।बताया जाता है कि बादम कोल खनन परियोजना को लेकर बैठक का आयोजन किया गया था।बैठक के दौरान ग्रामीणों की ओर से अचानक पथराव शुरू हो गया। जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल घटना स्थल पर तैनात किया गया है।जिला मुख्यालय से अधिकारी भी घटना स्थल पहुँचे है। वहीं घायलों को हजारीबाग अस्पताल बेहतर इलाज के लिए लाया गया है।

हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत महुगाई कला पंचायत के ग्राम सुकुल खपिया स्थित पंचायत सचिवालय में एनटीपीसी बादम कोल खनन परियोजना के लिए ग्राम सभा प्रस्तावित थी।ग्राम सभा की सूचना पर भारी संख्या में गोंदलपुरा, बादम, राउत, पारा सहित अन्य गांव के ग्रामीण विरोध के लिए पहुंचे।अचानक भीड़ उग्र हो गई और ग्रामीणों और कंपनी के अधिकारियों के बीच झड़प हो गई।देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया।
बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार, पुलिस निरीक्षक ललित कुमार, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता के वाहन सहित कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना में कंपनी के अधिकारी और पुलिस के जवान घायल हुए हैं।घटना के बाद लोग इधर उधर भागते नजर आए।प्रशासन की टीम घटनास्थल पर कैंप किए हुए थे।

हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि बड़कागांव बादम कोल परियोजना एनटीपीसी के अधीन है। गोंदलपुरा, बादम और अंबाजीत गांव की जमीन का अधिग्रहण होना है।इसे लेकर बैठक हो रही थी। इसी दौरान असामाजिक तत्वों के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है।

जिला प्रशासन का पहला दायित्व है कि वह पहले घायल कर्मियों का इलाज करवाए और इसके बाद कानूनी कार्रवाई भी असामाजिक तत्व के खिलाफ की जाएगी।उपायुक्त ने जानकारी देते हुए कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं।

error: Content is protected !!