प्रेमी-प्रेमिका को पकड़ ग्रामीणों ने कराई शादी…दोनों को लोगों ने एक कमरे में पकड़ा, पंचायत बुला मंदिर में कराया विवाह
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने एक प्रेमी युगल को प्रेमालाप करते हुए रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद मौके पर ही पंचायत बुलाकर उनकी शादी करवा दी गई।जानकारी के अनुसार, फतेहपुर गांव की एक युवती का प्रेम संबंध देवरी थाना क्षेत्र के चतरो टिल्हेटोल गांव निवासी उमाशंकर राणा के पुत्र ब्रह्मदेव राणा (21) के साथ कई वर्षों से चल रहा था। दोनों अक्सर मिलते थे।युवती ने अपने प्रेमी को फतेहपुर मोड़ स्थित एक नए मकान में मिलने के लिए बुलाया था। जब दोनों एक कमरे में थे, तभी कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल युवती के परिजनों को इसकी सूचना दी।कुछ ही देर में गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों को कमरे से बाहर निकाला और स्थिति पर विचार-विमर्श करने के लिए पंचायत बुलाई। पंचायत में यह निर्णय लिया गया कि चूंकि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध है और वे आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए हैं। इसलिए समाज के मान-सम्मान को देखते हुए उनकी शादी कराना ही उचित होगा।इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की सहमति से गांव के महादेव पहाड़ी मंदिर परिसर में विधिवत रूप से दोनों की शादी संपन्न कराई गई। इस घटना की सूचना किसी ने देवरी थाना पुलिस को दे दी।जानकारी मिलते ही एसआई ऋषु सिन्हा दल-बल के साथ फतेहपुर पहुंचे। पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की भारी भीड़ ने इसका विरोध किया और पुलिस को ऐसा करने से रोक दिया।स्थिति को देखते हुए पुलिस को वापस लौटना पड़ा। यह घटना फतेहपुर और आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

