नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी के आरोपी का पीड़ितों ने किया अगवा, 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी,पुलिस ने सकुशल किया बरामद…
कोडरमा। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले बोकारो निवासी अजय सिंह उर्फ राहुल कुमार का अपहरण कर लिया गया। ठगी के शिकार युवकों ने उसे बंधक बनाया था। सतगावां थाना की पुलिस ने उसे ईटाय जंगल से सकुशल बरामद कर लिया है।अपहरणकर्ताओं ने राहुल के परिजनों से 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, अजय सिंह उर्फ राहुल कुमार ने पोस्ट ऑफिस, बैंक और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर सतगावां क्षेत्र के कई शिक्षित युवकों से बड़ी रकम ठगी थी। इनमें सतगावां निवासी अंजन कहार, अविनाश कुमार और सलारी निवासी सोनू शामिल हैं। तिलैया के भी लगभग आधा दर्जन छात्र इस ठगी का शिकार हुए थे।
जब पीड़ितों को नौकरी नहीं मिली और काफी समय बीत गया, तो उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए। अजय सिंह पैसे लौटाने में असमर्थ रहा। इसके बाद पीड़ित युवकों ने उसे झांसा देकर बरही बुलाया।
रविवार को जब राहुल एक किराए की स्कॉर्पियो से बरही पहुंचा, तो इन युवकों ने उसे जबरन अगवा कर सतगावां के घने ईटाय जंगल में ले गए। परिजनों ने मामले की जानकारी कोडरमा पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आयी और पुलिस ने तकनीकी सहयोग से इनका लोकेशन ट्रैक किया।
प्राप्त लोकेशन के आधार पर सतगावां के घाघरा नदी के किनारे एक स्कार्पियो खड़ी पाई गई, जिससे पुलिस को संदेह हुआ कि अपहृत को इसी इलाके में लाया गया है। फिर ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू की।
थाना प्रभारी सौरव कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई छापेमारी में अंजन कहार, अविनाश कुमार, राहुल कुमार समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया और अपहृत अजय उर्फ राहुल को भी सकुशल बरामद किया गया। सभी को सतगावां थाना लाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि बोकारो निवासी अजय कुमार उर्फ राहुल सिंह ने सतगांवां के कुछ युवकों से कोलकाता में पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े रकम वसूल किए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राहुल से पूछताछ करने पर उसने पैसे ठगी करने की बात कबूल कर ली है और ठगी के पैसे को जल्द से जल्द सभी युवकों को लौटाने की बात कबूली है।

