विक्की नायक हत्याकांड:सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शव का किया अंतिम संस्कार…
राँची।राँची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र के चांया गांव में शुक्रवार की सुबह युवक विक्की नायक की हत्या के मामले में उसकी माँ के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं नामजद आरोपियों कामेश्वर यादव ग्राम मुरगी, रामजीत महतो, विनोद उरांव दोनों ग्राम कसकोमा, सरहुल मुंडा, विजय मुंडा, सुकू नायक तीनों ग्राम चांया, थाना बुढ़मू निवासी को गिरफ्तार कर शनिवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। वहीं सातवें नामजद आरोपी बॉबी मुंडा को शनिवार की शाम पुलिस ने गिरफ्तार किया जिसे रविवार को जेल भेजा जाएगा।
इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने बताया कि छानबीन जारी है और घटना में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है।जिन्हें जांच के बाद दोषी पाए जाने पर जेल भेजा जाएगा।शुक्रवार को घटना में बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और शनिवार की सुबह शव परिजनों को सौंपा। शव गांव पहुंचते ही परिजनों और माँ के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।बता दें चांया गांव में मोटर पंप चोरी के आरोप में विक्की नायक को ग्रामीणों की बैठक परिजनों के सामने पीटकर हत्या कर दी गई।
नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शव किया अंतिम संस्कार
पुलिस द्वारा विक्की का शव सौंपने के बाद परिजन ने प्रशासन से मांग की है कि शव के अंतिम संस्कार से पहले आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे। जबतक हत्यारे जेल नहीं जाएंगे तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इसी उधेड़बुन में शनिवार की शाम लगभग चार बजे डीएसपी रामनारायण चौधरी, थानेदार नवीन कुमार शर्मा द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी होने की पुष्टि और अनुसंधान में लापरवाही नहीं बरतने का आश्वासन मिलने के बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
घटना की सूचना पाकर भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह सिमरिया के पूर्व विधायक किशुन कुमार राम के साथ में अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री सह पूर्व विधायक जीतूचरण राम, प्रदेश महामंत्री रंजन पासवान, प्रदेश मंत्री नीरज नायक, प्रदेश प्रवक्ता संदीप कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रवेश नायक और सागर मृतक के घर गए। मृतक के परिजन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं प्रशासन से मिलकर आग्रह किया कि मामले का निष्पादन स्पीडी ट्रायल के तहत किया जाए जिससे जल्द दोषियों को कड़ी सजा मिले।

