धनबाद:लूटपाट के लिए जुटे थे यूपी,बिहार और बंगाल के अपराधी, हथियार के साथ हुए गिरफ्तार
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले की पाथरडीह पुलिस ने छापेमारी कर 3 अपराधियों को पिस्टल और गोली के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बलिया के रसदा खिजुरी निवासी प्रिंस कुमार सिंह, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया पहाड़ा दुबड़ा निवासी सुमित बाउरी और नवादा के सिसमा निवासी सन्नी सिंह को पाथरडीह कोलवाशरी के पास से गिरफ्तार किया है।सभी पाथरडीह कोलवाशरी के समीप ही रह रहे थे।पुलिस ने इन्हें लूटपाट की घटना को अंजाम देने के पहले ही पकड़ लिया। इनके पास से एक रिवॉल्वर और 2 कारतूस बरामद किये हैं।सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने शुक्रवार को पत्रकारों को यह जानकारी दी। मौके पर सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम भी उपस्थित थे।सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी पाथरडीह कोलवाशरी में किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं।इसके बाद एक टीम गठित कर पुलिस ने छापेमारी की। पकड़े गये अपराधियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि जमशेदपुर में हाल के दिनों में हुई लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के साथ भी इनका संपर्क है। सुमित लगातार वहां के अपराधियों से बात करता है। कुछ दिन पहले भी पाथरडीह क्षेत्र में हुई लूटपाट की घटना में इसी गिरोह का हाथ था।सिटी एसपी ने बताया कि नवादा का सन्नी सिंह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। वर्ष 2019 में नवादा पुलिस ने सन्नी को डकैती कांड में जेल भेजा था।साइबर क्राइम में सन्नी सक्रिय था। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। साइबर क्राइम में पुलिस ने वर्ष 2023 में इसे जेल भेजा था।

