स्कूटी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,तीज मनाने घर जा रही महिला और 5 साल के बेटे की मौत
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के चुटूपालू घाटी सैनी होटल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार महिला और उसके बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई।मृतक महिला की पहचान सेंट्रल सौंदा नलकारी निवासी रीता देवी (25) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय रमेश भुइंया की बेटी थी और सेंट्रल सौंदा नलकारी की रहने वाली थी। रीता राँची में एक दुकान में काम करती थी। वह अपने 5 साल के बेटे के साथ रहती थी।एके कोलियरी पंचायत के मुखिया फुलेश्वर कुमार ने बताया कि रीता तीज मनाने के लिए राँची से अपने घर जा रही थी। सैनी होटल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में रीता की मौके पर ही मौत हो गई। उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को राँची रिम्स अस्पताल भेजा। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से भुरकुंडा सेंट्रल सौंदा क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

