रेलवे कोयला साइडिंग पर अज्ञात अपराधियों ने की फायरिंग, गोली लगने से मजदूर घायल

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरी रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित टोरी रेलवे पब्लिक साइडिंग में रविवार की देर रात अपराधियों ने लगभग चार राउंड फायरिंग की। इस घटना में साइडिंग में काम कर रहे मजदूर गोपाल प्रसाद गोली लगने से घायल हो गए। उनका इलाज सदर अस्पताल में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।

बताया जाता है कि रविवार की रात करीब 12 बजे रेलवे साइडिंग पर मजदूर काम कर रहे थे।इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और मजदूरों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोली चलने से लोग डर गए और इधर-उधर भागने लगे। इसमें एक मजदूर गोपाल प्रसाद के पैर के ऊपर गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लगभग चार राउंड फायरिंग करने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए।

अपराधियों के भागने के बाद घायल मजदूर को तत्काल चंदवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि मजदूर के हिप में गोली लगकर आर-पार हो गई। गोली बाहर निकल जाने के कारण मजदूर की जान अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

टोरी साइडिंग पर सुरक्षा की दृष्टिकोण से पुलिस टीम की ड्यूटी 24 घंटे लगाई गई है। गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं घटना की जानकारी पुलिस के बड़े अधिकारियों को भी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।

डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि रविवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने टोरी साइडिंग के पास फायरिंग की थी। गोली लगने से एक मजदूर घायल भी हो गया, जिसका इलाज किया जा रहा है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी।

इधर,इस बीच राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पर्चा जारी कर घटना की जिम्मेदारी ली है।गैंग ने लिखा है कि यह हमला रंजीत गुप्ता और सुमित चटर्जी को चेतावनी देने के लिए किया गया है। गैंग ने आरोप लगाया है कि रंजीत गुप्ता के साइडिंग में पहले भी गोलीबारी कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसकी बात को नजरअंदाज किया गया। गैंग ने आगे धमकी दी है कि यदि इस बार भी उनकी बात नहीं मानी गई, तो अगली बार ऑफिस, घर और गाड़ी पर बम फेंका जाएगा। गौरतलब है कि इसी गैंग ने 10 जुलाई को भी इसी साइडिंग में लेवी को लेकर एक हाइवा में आगजनी की घटना को अंजाम दिया था।

 

बताया जाता है कि अपराधियों ने कोयला साइडिंग से रंगदारी वसूलने के इरादे से ही इस प्रकार की घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया है।इससे पूर्व भी अलग-अलग अपराधी संगठनों द्वारा इसी प्रकार दहशत फैलाने का प्रयास किया जाता रहा है। हालांकि पुलिस की सक्रियता के कारण अपराधियों की मंशा सफल नहीं हो पाती है।

 

 

error: Content is protected !!