Ranchi:पिस्तौल के बल पर जान मारने की धमकी दे रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ा,जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा….

 

राँची।जिले के चान्हो थाना क्षेत्र के बरहे गांव में एक युवक की कनपटी पर पिस्टल सटाकर जान मारने की धमकी देनेवाले दो युवकों को ग्रामीणों ने धर दबोचा। वहीं दोनों युवकों की पिटाई कर सोमवार को चान्हो पुलिस के हवाले कर दिया। घटना रविवार की शाम पांच बजे की है। पुलिस ने दोनों युवकों के पास से एक पिस्टल और तीन कारतूस जब्त किया है। गिरफ्तार युवक काली लोहरा और आनंद महली बरहे गांव के निवासी हैं, जबकि उनका तीसरा साथी रामू लोहरा मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को काली लोहरा, आनंद महली और रामू लोहरा अपने ही गांव के युवक मिस्टर उरांव को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की।विरोध करने पर काली लोहरा ने पिस्टल उसकी कनपटी पर सटाकर जान मारने की धमकी दी। इसके बाद मिस्टर उरांव घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।

बताया जाता है कि परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार की रात में ही तीनों युवकों की तलाश शुरू की, परंतु वे नहीं मिले। सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण काली लोहरा के घर पूछताछ करने जा रहे थे। इसी दौरान तीनों आरोपी गांव के मंदिर के पास खड़े मिले। पूछताछ के दौरान काली लोहरा ने दोबारा पिस्टल निकालकर मिस्टर उरांव की कनपटी पर सटाकर गोली मारने की धमकी दी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने उससे पिस्टल छीन ली और काली लोहरा और आनंद महली की जमकर पिटाई की। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों साथियों को पिटता देख तीसरा आरोपी रामू लोहरा मौके से भाग निकला। चान्हो पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं।

error: Content is protected !!