डकरा केंद्रीय विद्यालय के पुराने भवन को तोड़ रहे दो मजदूर छत के साथ नीचे गिरा,दोनों घायलों को रिम्स में भर्ती कराया
राँची।जिले के डकरा केंद्रीय विद्यालय में शुक्रवार को पुराने भवन को तोड़ रहे दो मजदूर छत के साथ नीचे गिर गये।इस हादसे में सूरज गंझू व दीपक उरांव घायल हो गये।संवेदक अफताब आलम ने दोनों घायलों को मलबा से बाहर निकाला और डकरा अस्पताल में भर्ती कराया।जहां चिकित्सक ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर राँची रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार एफडी इंटरप्राइजेज और अफताब आलम के ज्वाइंट वेंचर में भवन गिराने का काम कराया जा रहा है। जिसमें मजदूर छत तोड़ रहे थे। इसी बीच दीवार टूट गयी और छत गिर गया। ज्ञात हो कि पुराने भवन को तोड़कर नया भवन का निर्माण किया जाना है। सीसीएल उक्त कार्य को 04.78 करोड़ की लागत से करा रही है। उक्त भवन 45 वर्ष पुरानी है। पुरानी दीवार पर ही नयी छत की ढलाई कराने का प्राक्कलन बना दिया गया है जो बिल्कुल आधारहीन है।
इस संबंध में विभागीय प्रमुख सुमन कुमार से बात करने का प्रयास किया गया।उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।स्थानीय सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, कोल इंडिया के चेयरमैन पीएम प्रसाद और सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के व्यक्तिगत प्रयास से 20 वर्ष बाद डकरा में पुनः केंद्रीय विद्यालय खुलने कर प्रक्रिया शुरू हुई है।लेकिन इसके लिए सीसीएल के कार्य की गुणवत्ता को लेकर अभी से ही सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डिंग कमजोर बना तो बच्चों के लिए यह खतरा उत्पन्न हो सकता है।

