झारखण्ड में पुलिस और नक्सलियों में भीषण मुठभेड़, पुलिस के दो जवान शहीद और एक घायल…

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिला के मनातू थाना क्षेत्र के श्रीकेदाल जंगल में बुधवार की देर रात को पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान पलामू पुलिस के दो बहादुर जवान सुनील राम और संतन मेहता शहीद हो गए,जबकि जिला पुलिस बल का जवान रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल जवान का इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी हुई है। बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीकेदाल जंगल में नक्सलियों का जमावड़ा है और वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही जिला पुलिस बल ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस बल को देखते ही नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों ओर से गोलियां चलीं। इसी दौरान दो जवान वीरगति को प्राप्त हुए और एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।पुलिस को आशंका है कि नक्सलियों को भी भारी नुकसान हुआ है, कई के घायल या मारे जाने की सूचना है। हालांकि अभी तक नक्सलियों का शव बरामद नहीं हो पाया है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है

घटना की सूचना मिलते ही पलामू की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन मौके पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वे अस्पताल भी पहुंचीं और घायल जवान के इलाज की बारीकी से समीक्षा की। विशेषज्ञ डॉ. सुशील पांडेय और डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ के नेतृत्व में घायल जवान का ऑपरेशन जारी है।शहीद जवानों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। एसपी, एसडीपीओ समेत पुलिस पदाधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

घटना देर रात करीब 12:30 बजे की बतायी जा रही है। इस मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के मारे जाने और घायल होने की भी सूचना है, लेकिन फिलहाल किसी का शव बरामद नहीं हुआ है।

शहीद जवान संतन कुमार मेहता हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोवा बरेवा और सुनील राम हैदर नगर थाना क्षेत्र के परता गांव के रहने थे।जबकि जख्मी रोहित कुमार रेहला थाना क्षेत्र के लालगढ़ के इलाके के रहने वाले हैं।

बता दें कि सर्च ऑपरेशन के दौरान शशिकांत गंझू के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर यह मुठभेड़ हुई है। टीएसपीसी के नक्सलियों ने अचानक जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी।घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू एसपी रीष्मा रमेशन समेत टॉप अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।साथ ही डीआईजी नौशाद आलम भी मौके पर मौजूद हैं।टीएसपीसी का टॉप कमांडर शशिकांत गंझू पर झारखंड सरकार ने 10 लाख का इनाम घोषित किया है।जिस इलाके में यह मुठभेड़ हुई है, वह उसका गढ़ माना जाता है।इसी इलाके से शशिकांत पलामू और चतरा के इलाके में अपनी गतिविधि का संचालन करता है।

error: Content is protected !!