ट्रेलर की चपेट में आई बाइक, एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत, एक बच्चे की बची जान
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिहीह जिले में भारी मालवाहक वाहन की चपेट में आने से दो की मौत हो गई।दोनों मृतक बाइक पर सवार थे।मरनेवालों में एक बालक भी शामिल है।घटना गिरिडीह-टुंडी पथ पर मुफ्फसिल थाना इलाके के चतरो की है। घटना सोमवार की शाम की है। घटना के बाद मालवाहक को लेकर चालक धनबाद की तरफ फरार हो गया। इधर घटना से आक्रोशित लोगों ने पथ को जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम को मालवाहक वाहन मोहनपुर से टुंडी की तरफ जा रहा था।जबकि बाइक सवार भी टुंडी की तरफ जा रहे थे।इस बीच चतरो के पास मालवाहक (टेलर) ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक और पीछे बैठे दो बच्चों में से एक की मौत मौके पर हो गई।जबकि पीछे बैठा एक बच्चा बच गया।घटना के बाद आसपास के लोग दौड़े लेकिन टेलर को लेकर चालक भागने में सफल रहा।
लोगों ने इसकी सूचना मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो को दी।सूचना मिलते ही तुरंत ही महतोडीह पिकेट से पुलिस बल को भेजा गया।दूसरी तरफ धनबाद की तरफ भाग रहे वाहन की खोज भी शुरू कर दी गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि मालवाहक की चपेट में आने दो की मौत हुई है। घटना गिरिडीह-टुंडी पथ के चतरो की है।घटना की सूचना पर तुरंत ही पुलिस टीम को भेजा गया।आगे की जांच चल रही है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना इलाके के भोरंगडीहा से मृतक के परिजन पहुंचे।परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। वहीं घटनास्थल पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार के अलावा अन्य लोगों को समझाने में जुटे रहे।

