पुलिस के सामने भिड़े दो पक्ष…लाठी,डंडे,तलवार के साथ चली गोली;एक की मौत,कई घायल,सड़क पर बवाल..राँची पुलिस की बड़ी कार्रवाई,आरोपी के अवैध निर्माण पर चलाया बुलडोजर…एक पक्ष के 5 महिला सहित 15 गिरफ्तार…घर छोड़कर भागे लोग,मुहल्ले में पसरा सन्नाटा…
राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र में होली के दिन (शनिवार) नामकुम खटाल एवं जोरार बस्ती के लोगों में हुए विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई जिसमें सोनू मुंडा (40) की मौत हो गई।सोनू मुंडा की मौत से आक्रोशित लोगों ने विरोध में रविवार को शव को सड़क पर रखकर राँची-पुरुलिया रोड घंटों जाम कर दिया।साढ़े बारह बजे से तीन बजे तक सड़क जाम रहा।इस दौरान पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, महिला नेत्री आरती कुजूर, छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो,आप नेता प्रेमशाही मुण्डा,कांग्रेस नेत्री रीना सांगा,पूर्व पार्षद किरण सांगा,बिरसा पाहन,सहित कई लोग मौके पर पहुंचे एवं घटना का विरोध करते हुए जाम का समर्थन किया।आक्रोशित ग्रामीण मृतक के परिजनों को पचास लाख रूपया मुआवजा और एक सरकारी नौकरी,दोषियों को फांसी की सजा दिलाने,गांव के भूईंहरी,और परंपरागत जमीनों को कब्जा मुक्त कराने,सादा पटटा रदद करने और आरोपियों की अडडेबाजी करने वाली जगह को ध्वस्त करने सहित शुक्रवार रात की घटना के समय मौजूद पीसीआर 19 और शनिवार की सुबह घटना स्थल पर तैनात पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर कारवाई करने की मांग कर रहे थे। वहीं डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पांडेय, नामकुम थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार, टाटीसिलवे थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिन्हा, खरसीदाग ओपी प्रभारी भवेश कुमार, नामकुम सीओ कमल किशोर सिंह, बीडीओ विजय कुमार ने जाकर समझाने का प्रयास किया परंतु नहीं मानें। सभी मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी, 50 लाख मुआवजा एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहें।इसी बीच खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया एवं उनकी मांगों पर यथासंभव मदद करने का अश्वासन दिया जिसके बाद जाम हटा। तत्काल मृतक के अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपए का सहयोग दिया गया।
13 नामजद सहित 150 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी
पुलिस ने मृतक की पत्नी नेली मरियम कुजूर के बयान पर 13 नामजद सहित 150 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।उन्होंने खटाल निवासी सोनू राय, प्रीतम यादव, विशाल यादव उर्फ भलटू, सुधीर राय, राजकुमार यादव, रोहित यादव, मुन्ना राय, लकी सिंह, प्रेम प्रकाश सिन्हा, क्षितिज सिंह, दीपू कुमार, करण कुमार एवं दीपक सिंह पर लाठी-डंडे,हरवे हथियार, तलवार एवं ईंट पत्थर से हमला करने एवं राजकुमार यादव द्वारा फायरिंग कर उनके पति सोनू मुंड़ा, समीर डांग, पिंटू मुंडा, संजय मुंडा, सिंटू मुंडा, सोहराय सांगा, विजय सांगा, महेश कच्छप, रवि मुंडा, विकास मुंडा सहित अन्य घायल हो गए।
मृतक सोनू मुंडा
पुलिस ने 5 महिला समेत 15 लोगों को भेजा जेल
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खटाल के रहने वाली 5 महिला एवं 10 पुरुषों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।वहीं कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है।पुलिस उपलब्ध वीडियो एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।गिरफ्तार लोगों में अनिल यादव कृष कुमार, रितेश कुमार, विशाल कुमार यादव, रोहित कुमार, रोहन कुमार, सुनील राय, दीपक कुमार, रंजीत यादव, सुमित कुमार, मीना देवी, राधा कुमारी, पूनम देवी, खुशी कुमारी, ममता देवी शामिल हैं।
राँची पुलिस का बुलडोजर एक्शन,आरोपी विशाल राय के पिता के होटल में चला बुलडोजर
घटना के बाद रविवार को विवाद स्थल पर यूपी का योगी मॉडल बुलडोजर चला, विशाल यादव के पिता शत्रुघ्न राय के राजु होटल व दो दुकानों पर बुलडोजर चलाया।राजु होटल से ही विवाद की शुरुआत हुई थी। पुलिस को शिकायत मिली थी कि उक्त होटल में अड्डा बाज़ी होता है जिससे आएं दिन विवाद होता है।
हमेशा छेडखानी और मारपीट करते थे आरोपी
बस्ती के लोगों ने आरोप लगाया कि खटाल के लोग हमेशा उधर से गुजरने वाली महिलाओं और लडकियों से छेडखानी करते थे बस्ती की महिला नेत्री रीना सांगा ने बताया कि आरोपियों के सामने से कोई आराम से नही गुजर सकता है वे लोग मारपीट,छेडखानी और छीनतई भी करते थे। अवैध रूप से बने राजू भोजनालय पर रोजाना अडडेबाजी होती है। वही मुख्य अडडा है । इसके बाद पुलिस टीम ने उसे ध्वस्त कर दिया।
शुक्रवार को हुए विवाद के बाद रविवार को नामकुम खटाल और बस्ती के लोगों में हुई थी जमकर मारपीट
जानकारी के अनुसार जोरार पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार की शाम सरकारी शराब दुकान के पास राजु होटल में सोनू मुंडा का भाई अजय मुंडा व रवि बाइक से पहुंचा था जिन्हें रोक कर सोनू राय एवं विशाल ने शराब के लिए पैसें मांगें एवं उनकी बाइक की चाबी ले ली। जिसके बाद चारों में विवाद बढ़ गया।हल्की झड़प के बाद सभी चलें गए।रविवार की सुबह 10 बजे 50-60 की संख्या में महिलाएं एवं पुरुष नामकुम खटाल पहुंचे।जहां विवाद के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। मारपीट में घायल सोनू मुंडा की इलाज के क्रम में देर शाम मृत्यु हो गयी।वहीं अन्य घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।इसके बाद क्षेत्र में तनाव उत्पन्न हो गया।घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे।डीएसपी (मुख्यालय प्रथम) अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में नामकुम , टाटीसिलवे थाना एवं खरसीदाग ओपी प्रभारी व अन्य पुलिस अधिकारी, नामकुम सीओ, बीडीओ लगातार स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं।
खटाल के लोगों ने एकतरफा कार्रवाई का लगाया आरोप
खटाल में रहने वालों ने पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है।उनका कहना है कि गलती दोनों ओर से हुई है।शनिवार को ही मामला खत्म होने के बाद दोबारा रविवार को बस्ती के लोग मारपीट करने खटाल पहुंचे थे।जिसके बाद घटना घटी जिसमें दोनों पक्ष के लोग घायल हैं।वहीं खटाल के कुछ लोगों ने कहा कि खटाल में तीन चार लोगों की गलती से पूरे खटाल के लोग बदनाम हुए हैं।उन्होंने ने पुलिस से मांग की है की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो ना कि निर्दोष लोगों पर कार्रवाई हो।
घटना के बाद खटाल के लोग फरार,भगवान भरोसे सैकड़ों मवेशी,खटाल में पसरा सन्नाटा…
सोनू मुंडा की मौत के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। गिरफ्तारी के डर से खटाल के लोग फरार है।कुछ ही घरों में कुछ महिलाएं और बच्चे डरे सहमे हैं।बांकी डर से फरार हो गए हैं।वहीं खटाल में रह रहे सैकड़ों दुधारू मवेशी भगवान भरोसे है।मवेशियों का चारा पानी, दुध निकालने वाला भी नहीं है।खटाल में सन्नाटा पसरा हुआ है। कई घरों के बाहर ताले लगे है।एक छोटी से बच्ची ने बताई की घटना के समय उसका पिता बाहर गए थे लेकिन रात में पुलिस उसके घर पहुँचे और महिला,बच्चों से सख्ती से पूछने लगे।जबकि घर मे कोई नहीं था।सब डर से भाग गए हैं।बच्ची ने बतायी की उसे नहीं मालूम क्या हुआ है।
खटाल की जमीन की नापी शुरू,जांच करने नामकुम अंचल कर्मचारी और अमीन पहुँचे
इधर जिस जमीन पर खटाल बसा यह उस जमीन की नापी शुरू हो गई है।आज नामकुम अंचल के कर्मचारी और अमीन खटाल में पहुँचे थे।नक्से से जमीन की जांच की जा रही है।अगर अवैध खटाल बसा है तो जिला प्रशासन कार्रवाई करेगी और खटाल को खाली भी कराया जा सकता है।उसकी शुरुआत आज अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने संकेत दे दिये हैं।
https://www.facebook.com/jhnewsrnc/videos/1826363764869231/