चाईबासा-सरायकेला मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना, ट्रक-कार की टक्कर में दो की मौत,एक घायल
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है और एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।यह हादसा चाइबासा-सरायकेला मार्ग पर हुई है।बताया जा रहा है कि जमशेदपुर के टेलर संगठन के सदस्य राजू यादव अपने ड्राइवर और एक मिस्त्री को लेकर चाईबासा आ रहे थे। चालियामा में उनकी ट्रेलर गाड़ी खराब हो गई थी, जिसे बनाने के लिए वे लोग आ रहे थे।इसी दौरान सरायकेला खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिला के सीमावर्ती गांव थोलको के पास चाईबासा से सरायकेला की ओर जा रहे ट्रक ने स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मार दी।
दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट डिजायर कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। उसे सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है।

