मजदूरों से भरा पिकअप वैन डिवाइडर से टकराया…दो की मौत, 20 घायल…
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के कउवल में नेशनल हाईवे 98 पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है जबकि 20 से ज्यादा मजदूर घायल हैं।गंभीर रूप से घायल 20 मजदूरों को इलाज के लिए रेफर किया गया है।सभी मजदूर धान की रोपनी के लिए बिहार के सासाराम जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गढ़वा के रंका और रमकंडा से मजदूरों का जत्था धान की रोपनी के लिए पिकअप पर सवार होकर शुक्रवार को बिहार जा रहा था। इसी क्रम में छतरपुर थाना क्षेत्र के कउवल में पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद पिकअप भीषण हादसे का शिकार हो गई।
इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि 20 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।घटना की जानकारी मिलने के बाद छतरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पिकअप पर 30 लोग सवार थे, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल थे।
छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई है, दोनों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि 20 से अधिक घायल मजदूरों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल मजदूरों के अनुसार पिकअप का चालक नशे में था और अचानक डिवाइडर से टकरा गया। ये सभी धान की रोपनी के लिए बिहार के सासाराम इलाके में जा रहे थे।

